टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और स्टार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी देश ही नहीं पूरी दुनिया में बहुत लोकप्रिय हैं। धोनी की एक झलक पाने के लिए फैन्स कुछ भी करने लगते हैं। राजस्थान में जालौर जिले के सांचौर उपखंड में 3 मार्च को एक स्कूल का लोकार्पण करने आए धोनी के कार्यक्रम में फैन्स के बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
सूत्रों ने बताया कि धोनी दोपहर में जालौर आए थे। राजस्थान गुजरात सीमा पर स्थित नैनवा में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से जाखल पहुंचे। उनके आने की सूचना पर वहां बड़ी संख्या में उनके फैन्स जमा हो गए। सूत्रों ने बताया कि धोनी ने वहां भामाशाह की ओर से बनाए गए विद्यालय का लोकार्पण किया। इसी दौरान उनसे मिलने के लिए फैन्स धक्कामुक्की करने लगे। देखते ही देखते भीड़ कंट्रोल से बाहर हो गई।
पुलिस ने उन्हें धोनी से दूर करने की कोशिश की, लेकिन फैन्स माने नहीं। इस पर पुलिस ने उन पर लाठियां बरसा दीं, जिससे भगदड़ मच गई। बाद में पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। इससे पहले जाखल निवासी भामाशाह ने गांव में संघवी तीजा बेन मिश्रीमल कटारिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का निमार्ण करवाया। इसका उद्घाटन धोनी, राजस्थान के वन एवं पयार्वरण मंत्री सुखराम विश्नोई और सांसद देवजी पटेल ने किया।
0 komentar:
Post a Comment